वाराणसी , फरवरी 20 -- दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वाधान में रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला-वाराणसी 2026 का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

शुभारंभ के पावन अवसर पर विख्यात शंख वादक राम जनम योगी ने शंखनाद कर कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम में तेलंगाना, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सिल्क साड़ी, जूट बैग, कालीन, अचार-मुरब्बा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाद्य पदार्थ आदि उत्पाद प्रमुख हैं। जनपद वाराणसी में यह सरस मेला पाँचवीं बार आयोजित हो रहा है। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सहयोग से रीजनल (राष्ट्रीय स्तर) सरस मेला राजधानी लखनऊ एवं सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में आयोजित किया जाता है। समय-समय पर मंडल स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मेलों का आयोजन कर महिला समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने का कार्य किया जाता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य ने महिलाओं के आजीविका संबंधी कार्यों की सराहना की तथा उन्हें प्रेरित करते हुए प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना 'लखपति दीदी' से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने वाराणसी की महिलाओं को अन्य प्रदेशों से आई महिलाओं के उत्पादों एवं समूहों से समन्वय स्थापित कर अनुभव एवं बाजार संबंधी जानकारी साझा करने का सुझाव दिया।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि विभिन्न प्रदेशों में करोड़ों परिवार स्वयं सहायता समूहों से जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश में ही एक करोड़ से अधिक परिवार विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से संबद्ध हैं और आजीविका परक गतिविधियों में संलग्न हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को नई पहचान मिली है।

महिलाएँ भी अपने परिवार की आय बढ़ाने में पुरुष सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। वाराणसी में आजीविका मिशन के अंतर्गत अब तक 1.47 लाख महिलाएँ जुड़ चुकी हैं। माननीय प्रधानमंत्री जी की महत्वाकांक्षी 'लखपति दीदी' योजना के तहत जनपद में 81 हजार से अधिक महिलाएँ लखपति के रूप में चिन्हित की जा चुकी हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य एक करोड़ दीदियों को लखपति तथा प्रत्येक जनपद में करोड़पति दीदी बनाने का है। मेले में आई महिलाओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी को किसी न किसी आजीविका गतिविधि से जुड़ने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित