वाराणसी , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले की लालपुर पुलिस ने रविवार रात वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस, 75 हजार रुपये नकद, पिघली हुई पीली धातु तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई को थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम रमरेपुर में शाम करीब साढ़े सात बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक वृद्ध महिला से चेन लूट ली थी। इस संबंध में थाना लालपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी।

लगातार तलाश के दौरान 16 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे रिंग रोड पर वाहन चेकिंग के समय पुलिस की दो संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर निवासी प्रद्युम्न मल उर्फ प्रतीक (21) तथा वेद प्रकाश दुबे उर्फ मोंटी (30) के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), दो जीवित कारतूस, 75 हजार रुपये नकद, पिघली हुई पीली धातु और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गाजीपुर, मऊ समेत विभिन्न जनपदों में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त होने की जानकारी दी है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित