वाराणसी , जून 22 -- वाराणसी के पिंडरा तहसील के मानापुर क्षेत्र स्थित चनौली गांव में मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय के लिए आवंटित भूमि के सीमांकन का कार्य सोमवार को ग्रामीणों के विरोध के चलते एक बार फिर रोकना पड़ा।

सीमांकन के लिए पहुंची राजस्व टीम को किसानों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कार्य रोकना पड़ा और प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। किसानों का कहना है कि यह जमीन उनकी है और इसका चक भी कटा हुआ है। उनका आरोप है कि प्रशासन इसे वन विभाग की भूमि बता रहा है। इस संबंध में मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अभी तक उसका निस्तारण नहीं हुआ है। किसानों ने बताया कि सोमवार को जब सीमांकन के लिए अधिकारी पहुंचे तो उन्होंने इसका विरोध किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष मौके पर एकत्र हो गए तथा सीमांकन का विरोध करने लगे। भारी विरोध के चलते पुलिस को जेसीबी मशीन भी हटानी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, उपजिलाधिकारी पिंडरा के आदेश के क्रम में राजस्व विभाग की टीम, जिसमें राजस्व निरीक्षक, कानूनगो एवं लेखपाल शामिल थे, पुलिस बल एवं पीएसी के साथ मौके पर उपस्थित होकर प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवासीय विद्यालय हेतु भूमि का सीमांकन कार्य करा रही थी।

सीमांकन के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं एवं ग्रामीणों द्वारा कार्य का विरोध किया गया। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने विरोध कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर स्थानीय थाने भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित