वाराणसी , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घमहापुर में सड़क किनारे बर्तन धोते समय महिला को कार से टक्कर लग जाने के बाद हुए विवाद में परिजनों और ग्रामीणों ने कार चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे एक कार ने अनियंत्रित होकर घमहापुर निवासी बिंदू देवी (40) को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार चालक मनीष सिंह (घमहापुर निवासी) के साथ घायल महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी बुरी तरीके से हुई कि मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। घायल महिला का इलाज चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित