वाराणसी , जून 15 -- वाराणसी में चौक थाना क्षेत्र के बेनियाबाग हरिजन बस्ती में सोमवार को चारपाई पर सो रहे एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजन की दो पत्नियां हैं। एक पत्नी मिर्जापुर के नारायणपुर में रहती है, जबकि दूसरी बेनियाबाग हरिजन बस्ती में रहती है। बताया जा रहा है कि आगामी 20 जून को दूसरी पत्नी के पुत्र की सगाई होनी है, जिसमें शामिल होने के लिए राजन नारायणपुर से बेनियाबाग आया था।

घटना के समय राजन अपने पुत्र राजू के साथ चारपाई पर सो रहा था। हमलावर ने सोते समय उसे गोली मार दी, जबकि बगल में सो रहे पुत्र को घटना की भनक तक नहीं लगी। सूचना पर चौक पुलिस के साथ एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।

राजू के अनुसार शनिवार को भी कुछ अज्ञात लोग उनके पिता को मारने आए थे, जिन्हें शोर मचाने पर हमलावर भाग गए थे। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज आस पास के खंगाले जा रहे हैं, जल्द खुलासा होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित