वाराणसी , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत वाराणसी में चयनित 25 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जायेगा जिसके लिये योग्य प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत चयनित विद्यालयों में तीन माह तक आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट योग्यता रखने वाले प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन प्रारूप जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, वाराणसी से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को अपना आवेदन निर्धारित तिथि तक पंजीकृत डाक अथवा व्यक्तिगत रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, वाराणसी में जमा करना होगा। श्री सिंह ने बताया कि प्रत्येक राजकीय माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षण कार्य पूरा करने के बाद संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा प्रशिक्षक को प्रति माह 5,000 रुपये की दर से मानदेय दिया जाएगा। तीन माह की प्रशिक्षण अवधि के लिए प्रशिक्षक को अधिकतम 15,000 रुपये का मानदेय प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित