वाराणसी , सितंबर 20 -- त्तर प्रदेश में वाराणसी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम फरीदपुर में आधुनिक वैज्ञानिक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण करा रहा है। स्टेशन के चालू होने के बाद शहर से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पृथक्कीकरण और निस्तारण किया जा सकेगा।

इस क्रम में रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने फरीदपुर में निर्माणाधीन ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर चल रहे कार्यों, बाउंड्रीवाल और शेड के निर्माण की प्रगति का जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था और विभागीय अभियंताओं को निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण के प्रत्येक चरण की पूर्णता रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। साथ ही परियोजना की मजबूती और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए स्ट्रक्चरल इंजीनियर से प्रत्येक चरण की स्ट्रेंथ रिपोर्ट प्राप्त करने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित