वाराणसी , मई 28 -- काशी में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोहता, नई सड़क, मदनपुरा, काशी विद्यापीठ, पुराना पुल, नदेसर समेत विभिन्न इलाकों में मस्जिदों और ईदगाहों में बकरीद की नमाज अदा की गई।

कई इलाकों में पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ड्रोन से भी निगरानी की गई। जहां भीड़ की स्थिति थी, वहां पहले से ही दो शिफ्ट में नमाज अदा करने के लिए कहा गया था।

लोहता थाना क्षेत्र में ईद-उल-अज़हा (बकरीद) का त्योहार अकीदत और सौहार्द के साथ मनाया गया। मंगलपुर, भट्ठी स्थित बड़ी ईदगाह, महमूदपुर की छोटी ईदगाह और अकेलवा चौकी अंतर्गत बनकट गांव की ईदगाह समेत क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की। चंदापुर स्थित अहले हदीस ईदगाह में सबसे पहले सुबह मुस्लिम महिलाओं ने नमाज अदा की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने सभी ईदगाहों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और नमाज सकुशल सम्पन्न कराई।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने भी लोहता क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसीपी ने लोगों से खुले में कुर्बानी न करने की अपील की। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर ईदगाहों और वाराणसी-भदोही मार्ग पर ड्रोन कैमरों से निगरानी कराई।

लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ताड़ीखाना तिराहे स्थित बड़ी मस्जिद में बकरीद की नमाज आज सुबह शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न हुई। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित मस्जिद में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण और सकुशल माहौल में अदा की गई। इस दौरान डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पाण्डेय तथा नदेसर चौकी प्रभारी सुमित पाण्डेय मय फोर्स मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

साथ ही अलईपुरा, दोषीपुरा, शक्कर तालाब सहित जैतपुरा थाना क्षेत्र की सभी मस्जिदों में बकरीद की नमाज सकुशल सम्पन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित