वाराणसी , जुलाई 15 -- ग्रामीण विकास मंत्रालय के तत्वावधान में 16 जुलाई को रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 'विकसित भारत-जी राम जी: पंच सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान शामिल होंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, उपमुख्यमंत्री श्री मौर्य दो दिवसीय दौरे पर बुधवार शाम वाराणसी पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में अधिकारियों संग बैठक और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन प्रस्तावित हैं। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री पासवान बुधवार दोपहर काशी पहुंचेंगे। उनके श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। गुरुवार को वह रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पंच सम्मेलन में भाग लेंगे।
सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड के लगभग 500 ग्राम पंचायत प्रधान हिस्सा लेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश के 350, बिहार के 75, झारखंड के 50 तथा उत्तराखंड के 25 ग्राम प्रधान शामिल हैं।
सम्मेलन का उद्देश्य ग्राम पंचायत प्रधानों के बीच वीबी-ग्राम जी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों एवं उद्देश्यों के प्रति जागरूकता और समझ विकसित करना है। इसके साथ ही अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायतों की संस्थागत तैयारी को मजबूत करना, विकसित ग्राम पंचायत योजना के माध्यम से सहभागी एवं साक्ष्य-आधारित योजना निर्माण को बढ़ावा देना, ग्राम पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा सुशासन को सशक्त बनाकर अधिनियम के प्रभावी एवं परिणामोन्मुख क्रियान्वयन को बढ़ावा देना भी सम्मेलन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित