वाराणसी , सितंबर 30 -- आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोलापुर थाना क्षेत्र के बलरामगंज देहरी स्थित टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को किसानों के प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
किसान नेता अजीत सिंह दर्जनों समर्थकों के साथ पुलिस को चकमा देकर टोल प्लाजा पहुंच गए और नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने अजीत सिंह समेत कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।
किसानों का आरोप है कि आसपास सड़क निर्माण और मुआवजा दिए बिना जबरदस्ती टोल टैक्स वसूला जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से टोल न लेने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय किसान और व्यापारी परेशान हैं। किसानों ने देहरी टोल प्लाजा बंद करने की मांग दोहराई है।
टोल प्लाजा संचालक मनोज पाठक ने कहा कि किसानों की मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं और सरकार उन पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि मांग रखने का सही मंच टोल प्लाजा नहीं है। यहां प्रदर्शन करने से यात्रियों को परेशानी होती है और राजस्व का नुकसान होता है। ई-टेंडर के माध्यम से संचालन का कार्य मिला है। स्थानीय लोगों को 360 पास दिए गए हैं, जिनसे आसानी से आवाजाही कर सकते हैं।
प्रशासन ने किसी भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। एनएचएआई का विरोध कर रहे कुछ किसानों को पुलिस ने घरों पर ही रोक दिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र छावनी जैसा बना दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित