वाराणसी , अप्रैल 02 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एक छात्र के साथ जाति पूछकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हिंदी विभाग के परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्र ने आरोप लगाया है कि समाजवादी छात्र सभा के इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव ने उनसे उनकी जाति पूछने के बाद मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, बुधवार दोपहर वह कक्षा में जाने के लिए विभाग पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें रोककर उनकी जाति और कोर्स के बारे में पूछा। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं। पीड़ित का कहना है कि घटना विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित