वाराणसी , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और बाजार में इसकी कोई कमी नहीं है। खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से बाजार में चीनी की उपलब्धता का निरीक्षण किया जा रहा है तथा मूल्य पर भी निगरानी रखी जा रही है।

अपर जिलाधिकारी (सिविल सप्लाई) अमित कुमार भारतीय ने रविवार को बताया कि जनसामान्य अपनी आवश्यकता के अनुरूप चीनी खुले बाजार से खरीद सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने जनपद के सभी थोक एवं फुटकर व्यापारियों से अपेक्षा की कि वे केन्द्र सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल पर अपने पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति नियमित रूप से दर्ज कराते रहे।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी चीनी की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने और भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित