वाराणसी , अगस्त 27 -- बढ़ती महंगाई और चीनी व प्याज के दामों में वृद्धि के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) के कैंट विधानसभा की प्रभारी रीबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भेलूपुर क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में चीनी, दाल और गन्ना लेकर तथा गले में सब्जियों की माला पहनकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे।

कैंट विधानसभा सपा की प्रभारी रीबू श्रीवास्तव ने कहा, ''रक्षाबंधन का त्योहार है और इसी समय सरकार ने चीनी के दाम 45 रुपये से बढ़ाकर 70 से 75 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंचा दिए हैं। एथेनॉल के नाम पर जनता पर दोहरी मार पड़ी है। जन्माष्टमी भी आने वाली है। ऐसे में सरकार ने आम जनता का पूरा बजट बिगाड़ दिया है।''प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर रविंद्रपुरी स्थित संसदीय जनसंपर्क कार्यालय जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और मिठाई खिलाते हुए कहा, ''भैया, मदद कीजिए।''उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं को अपने सांसद के कार्यालय तक भी नहीं जाने दिया गया और बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चीनी, दाल, प्याज और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों तथा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि चीनी लोगों की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी वस्तु है। बच्चों को दूध में चीनी मिलाकर देना हो या भोजन में नमक डालना हो, यह भी सरकार तय करने लगी है।

कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान एक प्रतीकात्मक चलता-फिरता स्टॉल भी लगाया, जहां चीनी की कीमत 45 रुपये प्रति किलोग्राम प्रदर्शित की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित