वाराणसी , अक्टूबर 11 -- वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र में कज्जाकपुरा पुल पर रविवार को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गयी।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कालभैरव क्षेत्र के पार्षद संजय कुमार गुजराती के अनुसार, मृतक की पहचान चौखंभा निवासी सुनील कुमार नागपुरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बाइक चलाते समय सुनील का गला मांझे की चपेट में आ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और बाइक अनियंत्रित हो गई।

इस घटना पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि चौखंभा निवासी सुनील कुमार नागपुरी की चाइनीज मांझे की चपेट में आने से हुई मौत अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित