वाराणसी , सितंबर 1 -- गंगा नदी का जलस्तर मंगलवार को वाराणसी में चेतावनी बिंदु को पार कर 70.28 मीटर पर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार नदी का जलस्तर 0.5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

गंगा का चेतावनी स्तर 70.262 मीटर और खतरे का निशान 71.262 मीटर निर्धारित है। वाराणसी में गंगा का अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 73.901 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और वरुणा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। जलभराव से प्रभावित कुछ परिवारों को एहतियातन पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर बाढ़ राहत शिविरों में विस्थापित किया गया है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं।

बाढ़ राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आवासीय व्यवस्था के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविरों में रह रहे लोगों को स्वच्छ एवं ताजा भोजन दिन में तीन बार उपलब्ध कराया जा रहा है। बच्चों और बुजुर्गों की विशेष आवश्यकताओं को देखते हुए आवश्यकतानुसार दूध और केला भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा गंगा और वरुणा के जलस्तर के साथ संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारी तटवर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुसार नदी मार्ग से भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित