वाराणसी , अप्रैल 21 -- फूलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सुरही स्थित लाइनेक्स हॉस्पिटल के सामने लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मंगलवार को कार और बाइक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दंपती और उनका डेढ़ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के तत्काल बाद सामने स्थित लाइनेक्स हॉस्पिटल के चिकित्सा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया। अस्पताल कर्मियों की सक्रियता से घायलों को समय रहते उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान बड़ागांव के गजापुर निवासी शुभम कुमार (30), उनकी पत्नी अंतिमा (27) और उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही 'केसरिया भारत' के प्रदेश अध्यक्ष गौरीश सिंह और सुरही के ग्राम प्रधान रवींद्र नाथ यादव, बीडीओ पिंडरा व बीडीओ जलालपुर के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित