वाराणसी , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में रविवार को वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कारगिल योद्धाओं ने युद्ध के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी भारतीय सेना ने असाधारण वीरता का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर उपस्थित सैनिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने तथा वीर सैनिकों के आदर्शों और बलिदान को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे के नेतृत्व में कार्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे ने कारगिल युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय सेना के तीनों अंगों ने युद्ध के दौरान अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया, जो सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने तथा कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 150 भूतपूर्व सैनिकों और सैनिक आश्रितों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित