वाराणसी , मार्च 14 -- वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को टकटकपुर स्थित 'इंडियन ऑयल' एवं 'भारत पेट्रोलियम' के एलपीजी गैस सिलिंडर गोदामों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम संचालकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडरों का वितरण नियमानुसार और सुगम तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी अथवा स्टॉक होल्डिंग (जमाखोरी) किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही, जिला पूर्ति अधिकारी को गैस गोदामों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
माँ अन्नपूर्णा मंदिर के अन्नक्षेत्र में गैस आपूर्ति की समस्या पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में सभी मंदिरों और मठों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई थी, जिसमें उनकी ओर से ऐसी किसी समस्या का उल्लेख नहीं किया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि अन्नक्षेत्र के लिए आज ही सुचारू व्यवस्था कर दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित