वाराणसी , जुलाई 31 -- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में शुक्रवार को तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं मतदाता सत्यापन पर्ची ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों का मासिक बाह्य निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की संख्या एवं उनकी कार्यशीलता, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने वेयरहाउस के बाहर स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बाह्य सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती सहित वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित