वाराणसी , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला किये जाने के मामले में पुलिस ने छह नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

पुलिस ने शनिवार को इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वाराणसी विकास प्राधिकरण के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ज्ञानदास की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण योजना के तहत काजीपुरा कला क्षेत्र में एक मकान के सामने अतिक्रमण हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान राशिद अहमद, शाहिद अहमद, सम्मा अहमद, अंजुम, रूही और शिफा समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि इस दौरान टीम पर हमला भी किया गया।

घटना के समय मौके पर तैनात पुलिस बल ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में कुछ सरकारी कर्मचारियों को मामूली चोटें भी आईं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि इस संबंध में छह नामजद तथा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य वीडियो की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित