वाराणसी , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घमहापुर में रविवार रात कारोबारी मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के मुख्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें वाराणसी समेत आसपास के जिलों में दबिश दे रही हैं।

रविवार को फूलपुर पुलिस ने घमहापुर गांव के पास से हत्या के आरोपियों को शरण देने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बीएनएस की गंभीर धाराओं में फरार चल रहे आरोपियों पर मुकदमा दर्ज है तथा उनके पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना से उत्पन्न विवाद में मनीष सिंह की पीट-पीटकर हत्या करने वाले आरोपियों को शरण देने वाले पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान किशन कुमार पुत्र बालकिशुन, निवासी ग्राम केशवपुर, थाना नेवढ़िया, जिला जौनपुर ( 35)आशीष कुमार पुत्र स्वर्गीय रमेश कुमार, निवासी ग्राम केशवपुर, थाना नेवढ़िया, जिला जौनपुर ( 23) अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय लालधारी, निवासी ग्राम समोगरा, थाना फूलपुर, जनपद वाराणसी ( 30) प्रदीप भारद्वाज पुत्र प्यारेलाल राजभर, निवासी ग्राम रैचनपुर, थाना चोलापुर, जनपद वाराणसी ( 23) शिव मोहन राजभर पुत्र स्वर्गीय लल्लन राजभर, निवासी ग्राम समोगरा, थाना फूलपुर, जनपद वाराणसी ( 22) के रूप में हुई हैं।

इन सभी पर हत्या जैसे जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले अभियुक्तों को जानबूझकर संरक्षण देने, संसाधन उपलब्ध कराने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप है। अग्रिम कानूनी कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। जिसके बाद जेल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित