जौनपुर , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि वाराणसी मंडल का स्पोर्ट्स कॉलेज जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के सुबाषपुर पाली गांव में स्थापित किया जाएगा। करीब 35 एकड़ भूमि पर बनने वाली इस परियोजना पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कॉलेज में कक्षा छह से 12 तक के छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।

श्री यादव ने गुरुवार को डाक बंगले में 'यूनीवार्ता' से बातचीत में बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए सुबाषपुर गांव में 35 एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है। प्रदेश सरकार प्रत्येक मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रही है, जिसके तहत वाराणसी मंडल का कॉलेज जौनपुर में बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। भूमि से संबंधित कुछ मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। उनके शीघ्र निस्तारण के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से पूर्वांचल के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जौनपुर में खेल अवसंरचना का तेजी से विकास किया जा रहा है। सिद्धिकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है। इसका औपचारिक लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है। चित्रकूट धाम मंडल का स्पोर्ट्स कॉलेज महोबा जिले में बनाया जाएगा, जिसके लिए भी भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अन्य मंडलों में भी भूमि उपलब्ध होते ही स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित