वाराणसी , मार्च 30 -- नगर निगम के जलकर और सीवर कर के बकायेदारों के लिए राहत की घड़ियाँ अब खत्म होने को हैं। शत-प्रतिशत सरचार्ज (ब्याज) माफी का लाभ उठाने के लिए शहरवासियों के पास अब महज कुछ घंटे का समय शेष है। यदि आज रात तक बकाया जमा नहीं किया गया, तो पहली अप्रैल से न केवल ब्याज की पूरी राशि देनी होगी, बल्कि नगर निगम बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और जब्ती का बड़ा अभियान भी शुरू करने जा रहा है।

छूट की अवधि 31 मार्च को समाप्त हो रही है और पहली अप्रैल से निगम सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। निगम ने ऐसे लगभग 83,000 भवनों को चिन्हित कर लिया है, जिनकी सूची जोनवार तैयार की गई है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि भवन स्वामियों की सुविधा के लिए मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। दुकान के किराए और लाइसेंस शुल्क को लेकर निगम का रुख सबसे कड़ा है। भुगतान में 31 मार्च तक की देरी होने पर निगम ने मूल धनराशि पर सीधे 50 प्रतिशत विलंब शुल्क लगाने का निर्णय लिया है। बार-बार नोटिस के बाद भी जो दुकानदार या लाइसेंसधारी शुल्क जमा नहीं कर रहे, उनके प्रतिष्ठानों को सील करने की तैयारी है।

नगर में 1,48,000 से अधिक भवन स्वामियों ने अपनी जिम्मेदारी समझते हुए अब तक कुल 185.78 करोड़ रुपये गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा कर दिए हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि ईमानदारी से टैक्स भरने वालों को ही सरचार्ज माफी का पूरा लाभ मिल रहा है। नगर निगम ने उन 83,000 से अधिक भवनों का डेटा तैयार किया है, जिन पर अब शीघ्र कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित