प्रयागराज , अक्टूबर 31 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश की राजधानी दिल्ली के लिए शुरू की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। इससे इन शहरों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही इसके निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रयागराज जंक्शन पहुंचने पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। दो मिनट के ठहराव के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी और महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल भी मौजूद रहे।
इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही इस तरह की उपलब्धियां संभव हो रही हैं। प्रयागराज सिटी रेलवे स्टेशन से वाराणसी के लिए मेमू ट्रेन का भी शुभारंभ किया गया है। उन्होंने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को प्रयागराज के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि आने वाले समय में शहरवासियों को और भी सौगातें मिलेंगी।
उप मुख्यमंत्री ने रविवार, एक नवंबर को दिल्ली में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली पर निशाना साधते हुए इसे फ्लॉप शो करार दिया। उन्होंने कहा कि इसे जनता का समर्थन हासिल नहीं है और जनता कांग्रेस तथा राहुल गांधी दोनों को नकार चुकी है।
मौर्य ने आरोप लगाया कि देश में सत्ता परिवर्तन के लिए राहुल गांधी देश के दुश्मनों से हाथ मिलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन का अधिकार जनता के पास है। जनता ही किसी को सत्ता में बैठाती है और जनता ही उसे सत्ता से बाहर करती है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र के विरोध में आचरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इसका कड़ा विरोध करती है। आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के दलों को इसका जवाब देगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस बयान पर कि चुनाव आयोग केवल भाजपा के लोगों को ही नागरिक मानता है, उप मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में सांसद हैं। देश में नागरिकता से जुड़े मामलों का निर्धारण गृह मंत्रालय करता है।
श्री मौर्य ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर राहुल गांधी और अखिलेश यादव साजिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं की ओर से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम कटवाने और घुसपैठियों के नाम बढ़वाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों की कथित साजिश के प्रति सतर्क है और इस प्रक्रिया में पूरी सक्रियता से जुटी है।
उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार लगातार 30 साल तक बनी रहेगी। सपा के सत्ता में लौटने की संभावना को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश में सत्ता में नहीं आएगी और भाजपा प्रदेश से बाहर नहीं जाएगी।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य भी पूरा होगा। मौर्य ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं को 30 साल तक प्रदेश में भाजपा की मजबूत स्थिति बनाए रखने का मंत्र दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित