वाराणसी , मई 9 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर शनिवार को एक बार फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस चरण में चिन्हित 45 भवनों को तोड़ा जाना है। पूरे इलाके में कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। कार्रवाई के दौरान ड्रोन से भी निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कार्रवाई से पहले इलाके में मुनादी कराई। कुछ दिनों पहले काशी दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। चौड़ीकरण अभियान में कुल 180 से अधिक भवनों को चिन्हित किया गया है। 650 मीटर लंबी इस सड़क को 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना है। वर्तमान में यह मार्ग काफी संकरा और भीड़-भाड़ वाला व्यस्त मार्केट था। अभी भी सौ से अधिक भवन बचे हुए हैं।
दालमंडी में बुलडोजर की कार्रवाई देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। तोड़े गए मकानों का मलबा भी तुरंत हटाया जा रहा है। एससीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि पर्याप्त फोर्स तैनात की गई है। लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चलेगी। पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स और पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। जन आवागमन को डायवर्ट करने के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है। जिन भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है, उन्हीं पर कार्रवाई की जा रही है।
दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और काशीवासियों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित