वाराणसी , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशे के रूप में प्रयोग होने वाले फेन्सेडिल कफ सिरप और कोडीन युक्त अन्य दवाओं के अवैध भंडारण और व्यापार में लिप्त हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि काशीधाम हरहुआ रिंग रोड पर गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पैन, आधार, मोबाइल सहित 5120 रुपये एसटीएफ ने बरामद किए हैं। एक दिन पूर्व शनिवार को गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित कुमार निवासी बड़ा गणेश मंदिर, मैदागिन, थाना कोतवाली वाराणसी के रूप में हुई है। अभियुक्त ने बताया कि वह पहले हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर कॉलेज, वाराणसी का छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी युवजन सभा का प्रदेश सचिव रह चुका है।

एसटीएफ के अनुसार सूचना मिल रही थी कि कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप का अवैध भंडारण कर इसे नशे के रूप में प्रयोग के लिए उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक भेजा जा रहा है। इसी के तहत एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम जांच कर रही थी।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने शुभम जायसवाल के संपर्क में आकर अपनी फर्म जीएल सर्जिकल के माध्यम से शैली ट्रेडर्स से लगभग एक लाख बोतल फेन्सेडिल कफ सिरप खरीदी और फर्जी बिलिंग दिखाकर तस्करों को ऊंचे दाम पर बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया।

इस मामले में एसटीएफ पहले भी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है। अभियुक्त के खिलाफ थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ में एनडीपीएस एक्ट और विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित