वाराणसी , सितंबर 19 -- वाराणसी में यात्रियों की बढ़ती संख्या और सार्वजनिक परिवहन की जरूरतों को देखते हुए शहर को जल्द ही 250 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। बसों के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव के लिए दो स्थानों पर पांच-पांच एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। नई बसों के बेड़े में शामिल होने के बाद शहर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या करीब 300 हो जाएगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक, वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (वीसीटीएसएल) परशुराम पांडेय ने बताया कि नई 250 इलेक्ट्रिक बसों में 150 बसें 28 सीटर और 100 बसें 38 सीटर होंगी। वर्तमान में वाराणसी में 28 सीटर 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। नई बसों के संचालन के बाद विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को करीब तीन से पांच मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि नई बसों की एक प्रमुख विशेषता अधिक दूरी तय करने की क्षमता है। पूरी तरह चार्ज होने के बाद ये बसें करीब 250 किलोमीटर तक चल सकेंगी, जबकि वर्तमान में संचालित बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 115 किलोमीटर की दूरी तय करती हैं। इससे शहर के साथ ग्रामीण और लंबी दूरी के मार्गों पर भी बसों का संचालन संभव होगा।
वीसीटीएसएल के एआरएम ए.के. सिंह ने बताया कि कड़सड़ा और वीरपट्टी में पांच-पांच एकड़ जमीन नगर विकास विभाग को हस्तांतरित हो चुकी है। यहां चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप विकसित किए जाएंगे। आपातकालीन चार्जिंग के लिए सारनाथ, परेड कोठी और मड़वा में भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। सभी बसें वातानुकूलित होंगी और इनमें पैनिक बटन, सीसीटीवी कैमरे तथा जीपीएस की सुविधा होगी। अधिकारियों के अनुसार, 250 बसों के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया जारी है। नई बसों से शहर से गांव तक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क मजबूत होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित