वाराणसी , मई 31 -- त्तर प्रदेश में वाराणसी के प्रसिद्ध दालमंडी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण का कार्य रविवार को शुरू कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र में लगभग 300 पुलिसकर्मियों और पीएसी जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही ड्रोन के माध्यम से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। मार्ग के दोनों ओर बैरिकेडिंग भी कर दी गई है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि चिह्नित 14 भवनों का ध्वस्तीकरण होना है। कुल 181 भवनों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से सौ के करीब भवनों का ध्वस्तीकरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। मलबा हटाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
चर्चित मुसाफिरखाने पर पहले ही हथौड़ा चल चुका है। ध्वस्तीकरण का पूरा कार्य प्रशासनिक नियमों का पालन करते हुए किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश शुरू होने से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाए।
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस फोर्स के साथ-साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही है। मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी कर मुनादी भी कराई गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित