वाराणसी , सितंबर 22 -- वाराणसी में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के जोल्हा उत्तरी और नरिया वार्ड में कुल 152.85 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन कर कार्यारंभ कराया।

जोल्हा उत्तरी वार्ड (वार्ड संख्या 45) में 82.99 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबी सीवर एवं पेयजल लाइन बिछाने तथा गृह संयोजन के कार्य कराए जाएंगे। वहीं नरिया वार्ड में 19 किलोमीटर लंबी पेयजल एवं सीवर लाइन के लिए 67.71 करोड़ रुपये, सामान्य विभाग से 1.87 करोड़ रुपये तथा जलकल विभाग से 28.69 लाख रुपये के कार्य शुरू किए गए हैं।

इस अवसर पर श्री तिवारी ने कहा कि सीवर और पेयजल की नई लाइनें बिछाने के दौरान नागरिकों को कुछ समय के लिए आवागमन में असुविधा हो सकती है, लेकिन इससे लंबे समय तक सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलेगी तथा पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित