वाराणसी , मार्च 22 -- वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी यात्री के सामान से प्रतिबंधित बारहसिंगा का सींग बरामद किया। सीआईएसएफ ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वन विभाग को दी।
सूत्रों के अनुसार, यह यात्री रूस का नागरिक है, जिसका नाम दमित्री ब्रेकिन बताया जा रहा है। वह एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से वाराणसी से बैंकॉक जाने वाला था। सिक्योरिटी चेक प्वाइंट पर लगेज स्कैन करने पर संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर गहन जांच की गई, जिसमें लगेज के अंदर बारहसिंगा का सींग मिला।
फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत बारहसिंगा के अंगों का परिवहन, व्यापार या रखना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसका उल्लंघन गंभीर अपराध माना जाता है। वन विभाग की टीम ने विदेशी नागरिक से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सींग वाराणसी में कहाँ से प्राप्त हुआ, इसका मकसद क्या था तथा क्या इस तस्करी में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है। मामले की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित