वाराणसी , अगस्त 11 -- वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का रनवे मंगलवार को मेंटेनेंस कार्य के लिए दो घंटे तक बंद रहा। इसके चलते अहमदाबाद, नवी मुंबई और दिल्ली से आने वाली कुछ उड़ानों को लखनऊ और अयोध्या के लिए डायवर्ट कर दिया गया।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रनवे के रखरखाव कार्य के कारण अहमदाबाद से वाराणसी आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6805 तथा नवी मुंबई से आने वाली उड़ान संख्या 6ई-2442 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-5025 को अयोध्या भेजा गया।

सूत्रों ने बताया कि गाजियाबाद से आने वाली एक उड़ान रद्द कर दी गई है। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या और दिल्ली से वाराणसी के लिए निर्धारित कुछ अन्य उड़ानों को संबंधित हवाई अड्डों पर ही रोक दिया गया, जिन्हें रनवे पर मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद वाराणसी के लिए रवाना किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रनवे पर मेंटेनेंस का कार्य दोपहर एक बजे से तीन बजे तक निर्धारित था। उड़ानों के डायवर्जन और विलंब के कारण यात्रियों में हलचल देखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित