बैतूल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भारतीय वायु सेना के लिए हाल ही में चयनित एक युवक का शव खेत स्थित कुएं में मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पुसली निवासी मोहित गलफट का शव रविवार को उसके खेत के कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोहित शनिवार शाम से लापता था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर आठनेर थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान युवक का शव उसके खेत स्थित कुएं से बरामद हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार मोहित का हाल ही में भारतीय वायु सेना में चयन हुआ था, जिससे परिवार और गांव में खुशी का माहौल था। उसकी अचानक मृत्यु से परिजन और ग्रामीण स्तब्ध हैं। आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। युवक की मृत्यु दुर्घटना, आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित