नयी दिल्ली , सितम्बर 01 -- एयर वाइस मार्शल शक्ति शर्मा भारतीय रक्षा बलों के गैर-चिकित्सा वर्ग से एयर वाइस मार्शल या समकक्ष पद हासिल करने वाली पहली महिला अधिकारी बन गयी हैं।

एयर वाइस मार्शल शर्मा की पदोन्नति को सशस्त्र बलों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि एयर वाइस मार्शल शर्मा ने आज वायु सेना मुख्यालय में असिस्टेंट चीफ ऑफ द एयर स्टाफ (शिक्षा) का पदभार संभाला। उन्हें 18 जून 1994 को भारतीय वायु सेना की शिक्षा शाखा में कमीशन मिला था और उनके पास प्रशिक्षण संस्थानों, फील्ड स्टेशनों, कमान मुख्यालयों तथा वायु सेना मुख्यालय में तीन दशकों से अधिक समय तक कार्य का अनुभव है।अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अकादमिक और रणनीतिक सहभागिता को मजबूत करने से जुड़ी कई संस्थागत पहलों का नेतृत्व किया। उनके प्रमुख योगदानों में आईआईटी कानपुर और पुणे विश्वविद्यालय में वायु सेना चेयर्स ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना शामिल है, जिसका उद्देश्य अकादमिक, तकनीकी और रणनीतिक रक्षा संबंधी क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देना था।

एयर वाइस मार्शल शर्मा तीनों सेनाओं की ऐसी पहली महिला अधिकारी भी हैं, जिन्होंने किसी सैनिक स्कूल की कमान संभाली। उन्होंने सैनिक स्कूल, कपूरथला की प्रिंसिपल के रूप में कार्य किया। दो स्टार रैंक तक उनकी पदोन्नति भारतीय रक्षा बलों में महिला अधिकारियों की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्हें यह रैंक ऐसे समय में मिला है जब सशस्त्र बलों में महिलाओं के लिए विभिन्न भूमिकाओं और नेतृत्व पदों के अवसरों का विस्तार हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित