पटना , जुलाई 09 -- पटना नगर निगम ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए क्लीन एयर डैशबोर्ड पर दर्ज 83,112 शिकायतों में से 67,901 यानी 81.7 प्रतिशत शिकायतों का सफल निष्पादन किया है।
पटना नगर निगम क्षेत्र में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने तथा एयर क्वालिटी इंडेक्स में सतत सुधार लाने के उद्देश्य से बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से दो स्वतंत्र सर्वेयर की नियुक्ति की गई है। ये सर्वेयर प्रतिदिन नगर निगम के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वायु गुणवत्ता का आकलन करते हैं तथा प्रदूषण के कारणों सहित अपनी रिपोर्ट क्लीन एयर पॉल्यूशन डैशबोर्ड पर अपलोड करते हैं। इस तकनीक आधारित व्यवस्था के माध्यम से प्रदूषण के स्रोतों की पहचान, निगरानी एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राजधानी पटना में वर्तमान समय में सड़क, मेट्रो, सीवरेज तथा अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी अनेक बड़ी परियोजनाएं एक साथ निर्माणाधीन हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण परिवेश में भी तकनीक आधारित निगरानी, प्रभावी समन्वय और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से वायु प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होना नगर निगम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
नगर आयुक्त के नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम एवं एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप के विशेषज्ञों द्वारा इसकी सतत मॉनिटरिंग, तकनीकी मार्गदर्शन तथा नियमित समीक्षा के परिणामस्वरूप वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
क्लीन एयर डैशबोर्ड पर अब तक स्वच्छता एवं निर्माण गतिविधियों से संबंधित कुल 83,112 शिकायतें (टिकट) दर्ज की गई हैं। इनमें से 67,901 शिकायतों का सफल निष्पादन किया जा चुका है। यह आंकड़ा नगर निगम की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय का प्रमाण है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित