पटना , जून 14 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू )विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना के एएन-32 विमान दुर्घटना में पांच वायुयोद्धाओं के शहीद होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री श्री कुमार ने कहा कि यह समाचार अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा में शहीद हुए एआईएएफएमसीसी के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत तथा दानिश आलम का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

श्री कुमार ने कहा कि इन वीर जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने तथा दिवंगत आत्माओं को शांति देने की प्रार्थना की।

मंत्री ने कहा कि पूरा देश शहीद जवानों के अद्वितीय साहस, कर्तव्यपरायणता और बलिदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित