नई दिल्ली , सितंबर 23 -- रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना के लिए हवाई पट्टी को ध्वस्त करने वाले 160 सैटेलाइट स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड हथियार और संबंधित उपकरण खरीदने के लिए भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (बीडीएल) के साथ 810.79 करोड़ रुपये का करार किया है।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह अनुबंध ' खरीदो (भारतीय- स्वदेशी डिजाइन, विकास और विनिर्मित)' श्रेणी के तहत किया गया है।

मंत्रालय के मुताबिक यह उपकरण हवा से जमीन पर मार करने वाला सटीक निर्देशित ग्लाइड बम है। इसे जगुआर, हॉक और सुखोई-30 जैसे विमानों से दागा जा सकता है और यह लंबी दूरी से दुश्मन की हवाई पट्टी को निष्क्रिय करने में सक्षम है।

इस प्रणाली को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने देश में ही डिजाइन और विकसित किया है। इसमें 60 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री होगी। इसके साथ ही इनिशियल मेजरमेंट यूनिट, लॉन्ग इम्पैक्ट डिले फ्यूज और ट्विन स्टोर कैरियर जैसे सब सिस्टम का भी स्वदेशीकरण किया जाएगा।

इन हथियारों की आपूर्ति वर्ष 2027-28 और 2028-29 के दौरान निर्धारित है। मंत्रालय के अनुसार, इसके शामिल होने से वायुसेना की परिचालन क्षमता बढ़ेगी और देश की रक्षा तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित