जालंधर , अगस्त 26 -- पंजाब में जालंधर के जिला यूथ कांग्रेस (जालंधर शहरी) के अध्यक्ष अंगद दत्ता ने बुधवार को पुलिस थाना डिवीजन नंबर-5, जालंधर कमिश्नरेट के पूर्व एसएचओ इंस्पेक्टर राणा यदविंदर के खिलाफ कथित तौर पर पुलिस सेवा आचरण नियमों और मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन को लेकर शिकायत दर्ज कर विभागीय जांच की मांग की है।
शिकायत पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक गौरव यादव औरजालंधर पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह को भेजी गयी है। शिकायत के अनुसार, इंस्पेक्टर यदविंदरने कथित तौर पर पुलिस की वर्दी में सोशल मीडिया के सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर संगीत के साथ मनोरंजन संबंधी रील्स और वीडियो अपलोड किये। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की गतिविधियां पुलिस कर्मचारियों को वर्दी में कैजुअल, डांस या मनोरंजन संबंधी सामग्री बनाने से रोकने वाले पुलिस महानिदेशक, पंजाब के निर्देशों के विपरीत हैं।
शिकायत में एक वीडियो का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें अधिकारी कथित तौर पर सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार से उतरते दिखाई दे रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वाहन की खिड़कियों पर प्रतिबंधित गहरे रंग की टिंटेड फिल्म लगी हुई थी।
अंगद दत्ता ने कहा कि विशेष रूप से वरिष्ठ फील्ड पदों पर तैनात पुलिस अधिकारियों से उच्च स्तर के पेशेवर अनुशासन और कानून के पालन की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी बल की प्रतिष्ठा और अधिकार का प्रतीक है तथा वर्दी में रहते हुए नियमों की कथित अनदेखी से आम जनता में गलत संदेश जा सकता है और कानून के समान अनुपालन को लेकर विश्वास प्रभावित हो सकता है।
शिकायत में सोशल मीडिया पर प्रसारित रील्स और वीडियो की औपचारिक जांच कर यह निर्धारित करने की मांग की गयी है कि इनमें डीजीपी के ऑनलाइन आचरण संबंधी निर्देशों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। इसके अलावा वाहन में कथित अवैध टिंटेड फिल्म के इस्तेमाल की भी जांच की मांग की गयी है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि आरोप जांच में सही पाये जाते हैं तो संबंधित पुलिस सेवा नियमों के तहत उचित प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में वीडियो रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के सीधे लिंक भी उपलब्ध कराये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित