अगरतला , अक्टूबर 23 -- वाम दल ने त्रिपुरा सरकार से आगामी शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग की है।
पूर्व मंत्री एवं वाम दल के संयोजक माणिक डे ने मीडिया को बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा से मुलाकात की। उन्होंने चुनावों के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जतायी और केंद्रीय बलों की तैनाती की जरूरत पर जोर दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि हर मतदान केंद्र पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया जाये, ताकि मतदाता, विपक्षी उम्मीदवार और मतदान एजेंट बिना किसी डर के चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ले सकें। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी से चुनाव का माहौल सुरक्षित रहेगा। वामपंथी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान विपक्षी उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि वे बिना किसी रोक-टोक के अपना नामांकन दाखिल कर सकें और चुनाव प्रचार कर सकें। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से यह सुनिश्चित करने को कहा कि मतदाता बिना किसी दबाव या डराए-धमकाए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए ये कदम उठाना बहुत जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित