जबलपुर , अक्टूबर 27 -- लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के जबलपुर, भोपाल और सागर जिले के बंडा स्थित ठिकानों पर आज सुबह छह बजे से छापे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में अधिकारी की ज्ञात आय की तुलना में करीब 280 प्रतिशत अधिक व्यय किए जाने की जानकारी सामने आई है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मनीष कुमार जैन के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया द्वारा शिकायत का सत्यापन किए जाने पर सूचना प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी मनीष कुमार जैन, उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर विभिन्न संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी मिली है। इनमें जबलपुर में आरोपी के नाम पर करीब 1.44 करोड़ रुपये और पत्नी के नाम पर लगभग 9.56 लाख रुपये मूल्य की भूमि शामिल है। भोपाल में पत्नी के नाम पर खरीदी गई भूमि पर फार्म हाउस बनाया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22.87 लाख रुपये बताई गई है। पत्नी के नाम पर एक अन्य भूखंड की कीमत लगभग 13.69 लाख रुपये आंकी गई है।
सागर जिले के बंडा में आरोपी की माता के नाम पर भूखंड पर बने मकान की अनुमानित लागत करीब 23.49 लाख रुपये तथा पिता के नाम पर दो भूखंडों पर बने मकानों की लागत क्रमशः लगभग 43.19 लाख और 33 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा वाहनों की खरीद पर करीब 20.10 लाख रुपये, परिवार के सदस्यों के नाम बीमा पॉलिसियों पर लगभग 33.94 लाख रुपये और सोने-चांदी पर करीब सात लाख रुपये खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। जबलपुर और बंडा स्थित आवासों की इन्वेंट्री में लगभग 43 लाख रुपये की सामग्री तथा 1.20 लाख रुपये नकद मिलने का भी उल्लेख है।
लोकायुक्त के अनुसार, अब तक की जांच में आरोपी की कुल आय 1,03,73,317 रुपये के मुकाबले कुल व्यय 3,94,65,445 रुपये पाया गया है। संपत्तियों और व्यय से संबंधित दस्तावेजों की जांच तथा छापे की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, राहुल गजभिये, उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक शशि मस्कुले, जितेंद्र यादव, निरीक्षक रजनी तिवारी सहित लोकायुक्त की तीन टीमें शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित