विशाखापट्टनम , जून 28 -- आंध्रप्रदेश में मुख्य विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने रविवार को अपने पार्टी नेताओं पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू जनता के समर्थन से नहीं, बल्कि पुलिस के दम पर सरकार चला रहे हैं।

विधान परिषद में विपक्ष के नेता बोत्सा सत्यनारायण ने मीडिया से कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और 'जंगलराज' चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वाईएसआरसीपी के नेता किसानों के बुलावे पर उनसे मिलने पेनुमाका गांव जा रहे थे, तब तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के गुंडों ने उनके काफिले को रोककर उन पर हमला किया और उन्हें प्रताड़ित किया।

श्री सत्यनारायण ने कहा कि जिस तरह से यह हमला किया गया, उससे साफ है कि तेदेपा सरकार उन किसानों को परेशान करने की दोषी है जिन्होंने अपनी जमीन देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी के निर्माण के नाम पर राज्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और उत्पीड़न चल रहा है।

वाईएसआरसीपी नेता ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि कोई भी नेता नायडू सरकार से सवाल पूछता है, तो उस पर झूठे मामले दर्ज कर उसे प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने जी. साई कृष्णा की लॉकअप में हुई मौत को राज्य के 'जंगलराज' का एक बड़ा उदाहरण बताया।

श्री सत्यनारायण ने कहा कि सरकार फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने राजस्व बढ़ाने के लिए राज्य भर में समुद्र तटों और हवाई अड्डों पर शराब की दुकानें खोलने को लेकर भी सरकार की कड़ी आलोचना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित