पटना , अप्रैल 16 -- बिहार योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव :डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने गुरुवार को कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
योजना एवं विकास विभाग की ओर से आज "वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II के कार्यान्वयन" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा मॉनिटरिंग तंत्र को सुदृढ़ बनाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग, डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र एवं सतत विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजना के क्रियान्वयन में समन्वित प्रयास, डेटा-आधारित मॉनिटरिंग तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए,जिससे निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति हो सके।
इस अवसर पर गृह विभाग की विशेष सचिव, श्रीमती के. एस. अनुपम ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षा एवं विकास के बीच संतुलन स्थापित करने पर बल दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित