नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के आमरण अनशन को लेकर उठ रहे सवालों के बीच कांग्रेस ने अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट कर दिया है।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि पार्टी सोनम वांगचुक की चिंताओं और मांगों के साथ खड़ी है तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की अपनी मांग पर कायम रहेगी। श्री वेणुगोपाल ने कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पिछले डेढ़ महीने से इसी मांग को उठा रही है। परीक्षा प्रणाली के कथित पतन और मोदी सरकार में जवाबदेही के अभाव को लेकर जो पीड़ा और आक्रोश वांगचुक व्यक्त कर रहे हैं, कांग्रेस भी उसे साझा करती है।

हालांकि, कांग्रेस ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को देखते हुए उनसे अपना अनशन समाप्त करने की अपील भी की है। श्री वेणुगोपाल ने कहा कि उनकी चिंताएं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की भी चिंताएं हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आगे भी मोदी सरकार का इस मुद्दे पर मजबूती से सामना करेगी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग लगातार उठाती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए जा रहे थे। केसी वेणुगोपाल के इस बयान के बाद कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर सोनम वांगचुक के साथ खड़ी है और उनकी प्रमुख मांग का समर्थन करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित