फर्रुखाबाद , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।

श्री राजपूत ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया है और उनके नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए पूरे देश में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है तथा अपराध और माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामचंद्र वर्मा की पत्नी उर्मिला वर्मा को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य और विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर भी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रातः डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के उच्चारण के बाद ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का प्रतीक नहीं, बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देती है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, यातायात नियमों के पालन, महिला सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और सामूहिक प्रयासों से ही विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। बाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने केंद्रीय कारागार, जिला कारागार एवं महिला बंदी कारागार का भ्रमण कर बंदियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया तथा कारागार परिसर में वृक्षारोपण किया।

समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित