गोनियाना मंडी , मार्च 07 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शनिवार को कहा कि जिस शिअद ने आधुनिक बठिंडा का निर्माण किया है, वही पार्टी 2027 में सरकार बनाने के बाद इस शहर को 'इंडस्ट्रियल हब' बनाकर प्रगति के अगले स्तर पर ले जाएगी।
हल्का प्रभारी डॉ. दलजीत सिंह गुरु के साथ एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शिअद अध्यक्ष ने कहा, " शिअद के खाते में जिले में थर्मल प्लांट, एयरपोर्ट और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के साथ-साथ एम्स और एडवांस कैंसर संस्थान स्थापित करके इसे शिक्षा और चिकित्सा का केंद्र बनाने का श्रेय जाता है। " उन्होंने कहा कि अब 2027 में सत्ता में आने के बाद पार्टी शहर में एक औद्योगिक केंद्र स्थापित करेगी। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और हमारे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने 300 एकड़ भूमि में एक 'स्किल यूनिवर्सिटी' स्थापित करने की भी घोषणा की, जो हर साल एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित करेगी।
उन्होंने कहा, "नामी कंपनियों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया जायेगा, ताकि प्रशिक्षुओं को उन्हीं कंपनियों में नौकरी मिल सके।" 'आप' सरकार के कैबिनेट फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान न्यू चंडीगढ़ में मेडिकल कॉलेज की घोषणा करके फिर से लोगों को बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें शायद यह नहीं पता कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने न्यू चंडीगढ़ में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र पहले ही स्थापित कर दिया था। अगर भगवंत मान का रिकॉर्ड देखें, तो संगरूर में वादा किया गया मेडिकल कॉलेज नींव पत्थर से आगे नहीं बढ़ पाया है।
महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह भत्ता देने की 'आप' सरकार की योजना पर श्री बादल ने कहा कि वादे के मुताबिक सभी महिलाओं को इसके दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि लाभार्थियों को पिछले चार वर्षों का मुआवजा देने के लिए प्रत्येक को पहले 48,000 रुपये दिये जायें। "यदि ऐसा नहीं किया गया, तो शिअद महिलाओं से अपील करेगा कि जब 'आप' विधायक वोट मांगने आएं तो उनका 'घेराव' करें।"श्री बादल ने घोषणा की कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के लिए दी जाने वाली राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री-नर्सरी टीचर ग्रेड दिया जाएगा। मिड-डे मील और आशा कार्यकर्ताओं को न्यूनतम वेतन अधिनियम के तहत लाया जाएगा। ब्यास और सतलुज नदियों में प्रदूषित पानी नहीं गिरने दिया जायेगा, ताकि मालवा बेल्ट में कैंसर की घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल कनेक्शन से वंचित सभी किसानों को कनेक्शन दिए जाएंगे, सिंचाई के लिए भूमिगत पाइप बिछाये जाएंगे और राजस्थान नहर में जाने वाले पानी को रोककर पंजाब के खेतों की ओर मोड़ा जाएगा। आटा-दाल योजना के तहत आटा चार रुपये और दाल 20 रुपये प्रति किलोग्राम मिलेगी। वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर 3,100 रुपये की जाएगी और युवाओं को 10 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। हर जिले में एक मेडिकल और एक वेटरनरी कॉलेज खोला जाएगा। मेधावी स्कूलों के छात्रों को इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में आरक्षित 50 प्रतिशत सीटों पर छात्रवृत्ति दी जाएगी। पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाएगा और बेघरों को पक्के मकान दिये जाएंगे।
इस अवसर पर सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि पिछली शिअद सरकार ने भूचो निर्वाचन क्षेत्र के विकास पर 575 करोड़ रुपये खर्च किये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित