चंडीगढ़ , मई 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा पंजाब में मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के लोग इस समय मौजूदा सरकार से निराश जरूर है, क्योंकि जनता से किये गये कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन पंजाब टूटा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य को विकास और खुशहाली की नयी दिशा देगी।

श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर विकसित देशों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर भाजपा पंजाब को भी फिर से देश का अग्रणी राज्य बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि कभी पंजाब देश में नंबर एक राज्य माना जाता था और भाजपा का लक्ष्य राज्य को फिर उसी मुकाम तक पहुंचाना है।

पार्टी संगठन में संभावित फेरबदल और नयी नियुक्तियों को लेकर पूछे गये सवाल पर श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है और सभी फैसले पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार लिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा पंजाब में नये राजनीतिक उभार के साथ आगे बढ़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित