लखनऊ , मार्च 18 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्ष 2027 में जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है।
श्री यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक "गैंग" की तरह काम कर रही है और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए लगातार षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने पार्टी के राज्य मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित "डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र पर खतरा है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए संवाद, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों का जीवन संकट में है और आज की राजनीति में सकारात्मक दिशा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के रास्ते ही तय हो सकती है। बिना विचार और सकारात्मक दृष्टिकोण के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा ने हमेशा देश और समाज को दिशा दी है, जबकि भाजपा सरकारों के कारण जनता में निराशा और हताशा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्ष के सामने चुनौतियां खड़ी कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी हर चुनौती का मुकाबला करने के लिए तैयार है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे अपने व्यवहार और भाषा में सादगी रखें, अनुशासित रहें और किसी को उकसाने से बचें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है और कभी समझौता नहीं करती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित