श्रीगंगानगर , जनवरी 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में वर्ष 2025 के दौरान कुख्यात बदमाशों द्वारा रंगदारी वसूली के लिए धमकी भरे फोन कॉल और रंगदारी न देने पर गोलीबारी की घटनाओं के 30 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हुए हैं।
ये मामले बीकानेर रेंज के चार जिलों-बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में सबसे अधिक हैं। रेंज में कुल 44 ऐसे मामले दर्ज हुए, जिनमें से 30अकेले श्रीगंगानगर जिले के हैं। हनुमानगढ़ में एक, चूरू में सात और बीकानेर में छह मामले दर्ज किये गये।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमंत शर्मा ने बुधवार को वर्ष 2025 के आपराधिक आंकड़ों को वर्ष 2024 के साथ तुलनात्मक रूप से जारी करते हुएयह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेंज में दर्ज इन 44 मामलों में 73 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 14 आरोपी अब भी फरार हैं।
उधर, सूत्रों ने बताया कि इन फरार आरोपियों में मुख्य रूप से विदेशों में ठिकाने बनाये रोहित गोदारा, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर, योगेश, अमित पंडित उर्फ जैक और विशाल पचार जैसे कुख्यात बदमाश सरगना शामिल हैं। ये दुबई, पुर्तगाल, अमेरिका और अजरबैजान जैसे देशों में छिपे हुए हैं। पिछले चार-पांच वर्षों से श्रीगंगानगर जिला निवासियों के लिए ये बदमाश सिरदर्द और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
रेंज स्तर पर जारी आंकड़ों में फरार बताये गये 14 आरोपियों में विदेशी सरगनाओं के अलावा चार पांच अन्य बदमाश भी शामिल हैं, जो भारत में ही छिपे हुए हैं। गिरफ्तार किये गये 73 व्यक्तियों में ज्यादातर विदेशी सरगनाओं के लिए भाड़े पर काम करने वाले छोटे-मोटे अपराधी हैं। इनमें से कुछ ने रेकी, रंगदारी वसूली या गोलीबारी जैसी घटनाओं में सहयोग किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित