होशियारपुर , जून 21 -- पंजाब के फरीदकोट जिले में वर्ष 2015 के बहुचर्चित बेअदबी और उसके बाद हुई पुलिस फायरिंग की घटनाओं की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार सांपला को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। एसआईटी ने उन्हें 22 जून को जालंधर स्थित पीएपी कॉम्प्लेक्स के जीओज़ मेस में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराने के निर्देश दिये हैं।

आधिकारिक नोटिस के अनुसार, श्री सांपला को पूर्वाह्न 11 बजे जांच टीम के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। यह नोटिस दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 160 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 179 के तहत जारी किया गया है।

समन मिलने की पुष्टि करते हुए श्री सांपला ने रविवार को कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग देने के पक्षधर हैं, लेकिन पूर्व निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रमों के कारण उन्होंने उपस्थित होने के लिए कुछ समय की मोहलत मांगी है। उन्होंने नोटिस पर लिखित टिप्पणी करते हुए बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 20 से 22 जून तक पंजाब दौरे पर हैं, जिसके चलते उनकी मौजूदगी आवश्यक है।

एसआईटी जिन मामलों की जांच कर रही है, वह वर्ष 2015 में फरीदकोट जिले के बाजाखाना थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 129 और 130 से संबंधित हैं। इन मामलों में बेअदबी की घटनाओं के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों, पुलिस फायरिंग और उससे जुड़ी आपराधिक धाराओं के तहत जांच की जा रही है।

रविवार को मीडिया से बातचीत में श्री सांपला ने कहा कि उनका इन घटनाओं से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, "मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी कानून और एसआईटी के निर्देशों का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। नयी तारीख मिलने पर मैं अवश्य उपस्थित होकर जांच टीम के सभी संदेह दूर करूंगा।"पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि शुरुआत में उन्हें समन की प्रामाणिकता को लेकर कुछ संदेह था। विभिन्न वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क करने के बाद उन्हें बठिंडा रेंज के डीआईजी कार्यालय से इसकी पुष्टि मिली कि नोटिस वास्तविक है और विधिवत जारी किया गया है।

श्री सांपला ने यह भी अनुमान जताया कि संभवतः उन्हें अतीत में राज्यपाल को सौंपे गये किसी ज्ञापन के संदर्भ में बुलाया गया हो। उन्होंने कहा कि वर्षों में कई ज्ञापन सौंपे गए हैं और उन्होंने संबंधित दस्तावेज की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किस संदर्भ में उन्हें जांच के लिए बुलाया गया है।

एसआईटी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि जांच टीम का मानना है कि विजय सांपला मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी रखते हैं। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि समन की अवहेलना करने पर कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित