पटना , अगस्त 29 -- बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने दस वर्षीय बाल कलाकार, मॉडल एवं समाजसेवी लाडो बानी पटेल का नाम 'वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकार्ड्स' में नाम दर्ज होने के उपलक्ष्य में बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
श्री कुमार ने लाडो से मुलाकात के बाद कहा कि बिहार की बेटी ने अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से प्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है और बेहद कम उम्र में अपनी प्रतिभा से अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि लाडो ने इतनी कम उम्र में इतनी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद खुद को समाजसेवा से जोड़ा है। वह अपना जन्मदिन वृद्ध आश्रम, अनाथ आश्रम, मूक-बाधिर, दिव्यांग, नेत्रहीन बच्चों एवं स्लम बस्तियों में जाकर मनाती हैं। साथ ही कचरा चुनने वाले बच्चों के लिए पाठशाला चलाकर उन्हें पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना उनके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
श्री कुमार ने लाडो बानी की प्रतिभा, उपलब्धियों और समाजसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की इस नन्हीं प्रतिभा ने अपनी मेहनत, लगन और सेवा भावना से प्रदेश का गौरव व मान-सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने लाडो बानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कम उम्र में समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उल्लेखनीय है कि लाडो कि प्रतिभा पालने में ही दिख गई थी, जब महज 2 वर्ष 4 माह की उम्र में मंच पर राष्ट्रगान गाकर उन्होंने सबको चकित कर दिया था। उस ऐतिहासिक अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति के पुत्र अरविंद जत्ती एवं पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार भी मौजूद थे।
लाडो बानी अब तक लगभग 200 सम्मानों से नवाजी जा चुकी हैं। इनमें ऑल इंडिया फोटो कांटेस्ट में 5वां स्थान, 4 वर्ष की उम्र में टी-सीरीज में विनर, जयपुर में 'ब्रांड फेस ऑफ़ बिहार', चित्रकूट में विशेष सम्मान सहित विभिन्न राज्यों एवं संस्थाओं की ओर से प्राप्त अनेक सम्मान शामिल हैं। इसके अलावा मानव श्रृंखला एवं नशा मुक्ति अभियान जैसे सामाजिक अभियानों में भी उन्होंने सक्रिय भागीदारी की है। साथ ही उसे नेपाल में बाल कला सम्मान से नवाजा गया है। आत्मीयता खोती सामाजिक संस्कृति के दौर में लाडो वानी ने अद्भुत संकल्प लिया लिया है। वह लोक और समाज की सेवा को अपना लक्ष्य बनाना चाहती हैइस अवसर पर श्री कुमार के साथ सत्तारुढ़ दल के उपनेत ललन कुमार सर्राफ भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित