गोपालगंज,01सितंबर(वार्ता) बिहार में गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड के दो होनहार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रतनसराय गांव निवासी भवानी सिंह तथा रामपुर निवासी रिया सिंह का चयन वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी 16 से 20 सितंबर 2026 तक दक्षिण कोरिया के चुनचान में आयोजित होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।विश्व चैंपियनशिप में विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम का हिस्सा बनना गोपालगंज के लिए गौरव का विषय है।दोनों खिलाड़ी ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पूमसे में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में दोनों ने लगभग चार बार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। निरंतर बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। इससे पूर्व दोनों खिलाड़ियों को बिहार राज्य खेल सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं जिला खेल पदाधिकारी अनिल कुमार ने आज दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की तथा वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला पदाधिकारी ने कहा कि भवानी सिंह और रिया सिंह की उपलब्धि पूरे गोपालगंज के लिए गर्व का विषय है। छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करना उनकी प्रतिभा, समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियां जिले के अन्य युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करती हैं।
भवानी सिंह और रिया सिंह की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और ताइक्वांडो संगठन के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव सुधीर कुमार सिंह, ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ गोपालगंज के महासचिव आर्यन पांडे तथा कोच प्रदीप कुमार यादव ने खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया।
भवानी सिंह ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मेहनत और पदक जीतने के बाद विश्व चैंपियनशिप तक पहुंचना उनके लिए एक बड़े सपने के पूरा होने जैसा है। उन्होंने कहा कि वह प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए देश, बिहार और गोपालगंज का नाम रोशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित